राष्ट्रीय

राजस्थान के सीएम बताएं कि कितने पर्चे और लीक होने बाकी हैंः अनुराग ठाकुर

उदयपुर, 09 जनवरी। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले व खेल विभाग के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से यह बताने का आग्रह किया है कि और कितने पर्चे लीक होने बाकी हैं।

यहां उदयपुर में एक कार्यक्रम में भाग लेने आए केन्द्रीय मंत्री ने मीडिया के सवालों पर जवाब देते हुए कहा कि पर्चे लीक होना युवाओं पर कुठाराघात है। उन्होंने यह भी कहा कि जब भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात आती है तो राजस्थान की सरकार में ऐसे आदेश जारी होते हैं, जिन पर कोर्ट भी सोचने पर विवश होगा कि ऐसे राज्य का होगा क्या।

उन्होंने राजस्थान को देश और दुनिया में पर्यटन राज्य के रूप में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोड, रेल और हवाई आदि सुविधाओं के साथ सुरक्षा का भाव भी जरूरी होता है। यहां पर्यटन बढ़ा है लेकिन पिछले कुछ वर्षों में महिलाओं व सामाजिक वर्गों के प्रति जो घटनाएं सामने आई हैं, उन पर कार्रवाई नहीं होना और मंत्रियों के बेतुके बयान आना राजस्थान को शर्मसार करता है। इससे छवि ठीक नहीं रह पाती और इसका असर निवेश पर भी पड़ता है। उन्होंने अन्य राज्यों के मुकाबले राजस्थान में पेट्रोल को भी महंगा बताया। साथ ही यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार आने के बाद पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए हैं।

ओपीएस के सवाल पर ठाकुर ने मीडिया से मोंटेक अहलूवालिया के बयान को सुनने की बात कही। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत तो पहले ही जुड़ा है। जब सरदार पटेल भारत जोड़ रहे थे, तब जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने का कार्य नेहरू ने किया। सत्तर साल बाद इस भूल को सुधारने का काम मोदी सरकार ने किया। वहां पथराव कम हुआ, आतंकवादियों को मार गिराया गया। वहां पर्यटन भी बढ़ा है। पूर्वोत्तर में अफस्पा को खत्म किया गया। इससे जनजीवन में सुरक्षा का भाव बना है और पूर्वोत्तर विकास के पथ पर गतिशील हो रहा है।

राहुल गांधी के पूजा और तपस्या के बयान पर अनुराग ठाकुर ने कटाक्ष किया कि राहुलजी क्या कहते हैं, ये वे खुद ही नहीं समझ पाते होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker