राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिये चार बाल वैज्ञानिक चयनित
प्रयागराज, 05 नवम्बर। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का राज्य स्तरीय आयोजन क्रास्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज में सम्पन्न हुआ। इसमें प्रतिभा, हर्ष मनी त्रिपाठी, आख्या मालवीय एवं मयंक धुरिया का चयन किया गया। जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर जनपद स्तर पर चयनित अंग्रेजी और हिन्दी माध्यमों के बीस विद्यालयों के पचास बाल वैज्ञानिकों ने अपने स्थानीय समस्याओं पर आधारित अपने लघु शोध पत्र पढ़े। जिसमें राज्य स्तर पर अपना शोध पत्र पढ़ने के लिए जिन बाल वैज्ञानिकों का चयन हुआ, उसमें एम.वी कंवेंट स्कूल की प्रतिभा, श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल के हर्ष मनी त्रिपाठी, टैगोर पब्लिक स्कूल की आख्या मालवीय एवं केशर विद्यापीठ के मयंक धुरिया का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय रमेश कुमार तिवारी और विशिष्ट अतिथि नगर निगम प्रयागराज के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ.विजय अमृत राज ने बाल वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन वैज्ञानिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के सहराज्य समन्वयक डॉ. मोहम्मद मसूद ने सम्पूर्ण कार्यक्रम की रूप रेखा प्रस्तुत की।
इस दौरान बाल वैज्ञानिकों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जिसमें प्रमुख रुप से हमीदिया गर्ल्स इंटर कॉलेज की बाल वैज्ञानिक शीबा बेग और उसकी मार्गदर्शक शिक्षिका डॉ. मरियम वसीम, टैगोर पब्लिक स्कूल के वरिष्ठ रसायन विज्ञान शिक्षक संजय श्रीवास्तव, राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, क्रास्थवेट इंटर कॉलेज की शिक्षिका प्रीति कौशल एवं ठाकुर हरदयाल महाविद्यालय की डॉ.आयशा मारिया आदि प्रमुख रहे। उप जिला समन्वयक संजय श्रीवास्तव ने सभी चयनित बाल वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय आयोजन की सूचना उनके विद्यालयों में अलग से दी जायेगी।