विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा को अप्रैल 2024 तक मिला सेवा विस्तार
नई दिल्ली, 28 नवंबर। केन्द्र सरकार ने विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा को एक साल चार महीने का सेवा विस्तार दिया है। केन्द्र सरकार की नियुक्ति मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने उनका कार्यकाल 30 अप्रैल 2024 तक बढ़ा दिया है। क्वात्रा दिसंबर के अंत में सेवानिवृत्त होने जा रहे थे।
उल्लेखनीय है कि भारत इस साल जी20 और शंघाई सहयोग संगठन की अध्यक्षता संभाल रहा है। इस साल उससे जुड़े कई बड़े आयोजन भारत में होने हैं।
नेपाल में भारत के राजदूत रहे विनय मोहन क्वात्रा ने 30 अप्रैल को हर्षवर्धन श्रृंगला के सेवानेवृत्त होने के बाद इस साल पदभार संभाला था।
विनय मोहन क्वात्रा 1984 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हैं और उन्हें कई तरह के कार्यों में लगभग 32 वर्षों का अनुभव है। नेपाल में राजदूत रहने के पहले वे अगस्त 2017 से फरवरी 2020 तक फ्रांस में भारत के राजदूत रहे। वह अक्टूबर 2015 से अगस्त 2017 तक प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं।