पं. दीनदयाल महोत्सव के तीसरे दिन गौपूजन के साथ शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
मथुरा, 24 सितम्बर। पं. दीनदयाल उपाध्याय के 107 में जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार तीसरे दिन गौशाला में गौ पूजन के साथ कार्यक्रम शुरू हुए। कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों के राधा और कृष्ण के मनोहारी स्वरूपों ने सभी का मन मोह लिया। अपराह्न में महिला लोकगीत प्रतियोगिता में बहनों ने गीत गाकर समां बांध दिया और सभी को तालियों की गड़गड़ाहट के लिए मजबूर कर दिया।
पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव के तीसरे दिन आज निदेशक सोनपाल सिंह द्वारा दीनदयाल धाम स्थित गौशाला में गौ माता का पूजन किया। इस अवसर पर उपस्थित गौपालकों और ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए डॉ. हरि भदौरिया मंत्री दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानव दर्शन और उनके बताए रास्ते पर चल कर हम लोग धीमे-धीमे स्वाबलंबी हो रहे हैं। गौशाला समाज में अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को आगे लाने की सोच पर कार्य कर रही है। इस गौशाला का उद्देश्य मात्र दुग्ध उत्पादन नहीं है, बल्कि जो देसी गायों की प्रजाति विलुप्त हो रही हैं उनका संरक्षण कर उनकी नस्ल तैयार करना है यह गौशाला का प्रमुख उद्देश्य है। परखम गौशाला में विविध प्रकल्प संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि गौपालन करें यह आर्थिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभदायक है।
बच्चों के राधा कृष्ण स्वरूपों ने मोहा मन
कृष्ण स्वरूप सज्जा प्रतियोगिता में नन्हे-मुन्ने बच्चों के राधा और कृष्ण के मनोहारी स्वरूपों ने सभी का मन मोह लिया। राधा- कृष्ण के स्वरूप में सजे-धजे नन्हें-मुन्ने बच्चों के मनोहारी नृत्य को देखकर सभी मंत्र मुग्ध हो गये। प्रतियोगिता में प्रथम वैष्णवी, द्वितीय शिवांग सिंघल एवं तृतीय स्थान पर नंदनी रही।
लोकगीतों में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
अपरान्ह में लोकगीत प्रतियोगिता का शुभारंभ बच्चियों द्वारा नृत्य के साथ गणेश वंदना के साथ हुआ। रीना सिंह और दीनदयाल धाम की बच्चियों की गणेश वंदना और नौबत गायन को सभी ने सराहा। लोकगीत प्रतियोगिता में 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगी बालिका और महिलाओं ने बधाई गीत, नौबत और मंगल गीत गाकर पंडित जी को जन्मदिन की बधाई दी।
भोजपुरी लोक गायिका आभा द्विवेदी और ब्रज लोक गायिका माधुरी शर्मा के गीतों को सभी ने सराहा। पं० मनीष शर्मा को समिति की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संचालन रूबी शाक्य ने किया।