बिहार

नमो के नेतृत्व वाले भारत को पूरी दुनिया देख रही है विश्वास भरी निगाहों से : प्रदेश महामंत्री

विश्व गुरु बनने के लिए प्रभावशाली कदम बढ़ा रहा है भारत : राकेश सिन्हा

बेगूसराय, 21 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वाधान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे सेवा सप्ताह पखवारा कार्यक्रम के तहत बुधवार को बेगूसराय में बुद्धिजीवी सम्मेलन एवं मोदी@20 पुस्तक का विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। हर्ष गार्डन के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री विधायक संजीव चौरसिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व का चित्रण करते हुए कहा कि आज संपूर्ण राष्ट्र में सर्वांगीण विकास को तेज गति मिल रही है। तीव्रता से हो रहे विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एक नए अध्याय का उत्थान हो रहा है, यह संपूर्ण विश्व में भारत की एक अलग छवि को परिलक्षित कर रहा है।

भारत आज हर क्षेत्र में विकास के बदौलत नए आयाम को हासिल कर रहा है, जिससे आकर्षित होकर आज संपूर्ण दुनिया भारत की ओर विश्वास भरी निगाहों से देख रही है एवं भारत के साथ अपने संबंध को और अधिक प्रगाढ़ कर रही है। भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता आज एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण में अपनी महती भूमिका का निर्वाह करने के लिए दृढ़ संकल्पित भाव से प्रयासरत है।

राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा कि आज जिस प्रकार से हम और आप संवाद के जरिए जन-जन की समस्याओं के समाधान को संकल्पित भाव से कार्यरत हैं। इसी कर्तव्यनिष्ठा से संपूर्ण भारतीय गणराज्य में गरीबी उन्मूलन अभियान को भी गति मिल रही है। विपक्ष पिछले 75 वर्षों में केवल गरीबी पर नारा बनाकर सत्ता के लिए संघर्ष करती रही, आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, मजदूर के आर्थिक एवं सामाजिक जीवन में आमूलचूल परिवर्तन के साथ-साथ उनकी परिस्थितियों में व्यापक बदलाव हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत की सफलता को मजबूती मिल रही है, बल्कि भारत विश्व गुरु बनने की ओर भी अपने प्रभावशाली कदम बढ़ा रहा है। भाजपा प्रदेश मंत्री संजीव क्षत्रिय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में उनकी प्रेरणा से लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपने योगदान के जरिए भारतीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को ऑप्शन रखने के साथ-साथ भारतीय सभ्यता संस्कृति को भी पुनर्जागरण करने के लिए प्रयासरत हैं।

उसके साथ अथक परिणाम भी आम जनमानस को सहजता से दिखाई पड़ता हैं। आने वाले भविष्य में जब भारतीय इतिहास के स्वर्णिम कार्यकाल को लिखा जाएगा तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा। उनके अनवरत प्रयास, अथक परिश्रम को प्रेरणा मानकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता निरंतर जनमानस की सेवा में स्वयं को समर्पित किए रहेंगे। एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना भी साकार होगी एवं भारत विश्व गुरु बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़कर निकटतम भविष्य में संपूर्ण विश्व का प्रतिनिधित्व करने की शक्ति बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker