देश के युवा नई ऊर्जा और अपने स्टार्टअप के साथ विकास को नई गति दे रहे : पीयूष गोयल
वाराणसी, 11 नवम्बर। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित अटल इनक्यूबेशन सेंटर में नव उद्यमियों और युवाओं से संवाद किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने स्टार्टअप के क्षेत्र में आने वाली व्यवहारिक दिक्कतों की जानकारी युवाओं से ली और समाधान का भरोसा भी दिया।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश आजादी का 75 वा अमृत महोत्सव माना रहा है। इस अमृत काल में यूपी 7,500 स्टार्टअप का घर बन गया है। मोदी सरकार ने स्टार्टअप की सोच विकसित की। आज भारत स्टार्टअप का बड़ा हब बन रहा है। देश के युवा नई ऊर्जा और अपने स्टार्टअप के साथ विकास को नई गति दे रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए भाषण का युवाओं के सामने खासतौर पर उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की थी कि देश में नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए और एक मजबूत इकोसिस्टम बनाने के लिए कार्य योजना शुरू की जाएगी। आज प्रधानमंत्री का सपना साकार होता दिख रहा है। 06 वर्षों के बाद भारत ने तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम को तैयार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि देश में एलईडी क्रांति आ गई। आज एलईडी बल्ब पांच छह वर्षों में घर घर इस्तेमाल हो रहा है। संवाद के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने सवाल किया कि स्टार्टअप क्या है, कोई इनोवेटर्स बताए। इसके बाद युवाओं ने परिभाषाएं बताईं। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि दुनिया का सबसे ज्यादा वित्तिय लेनदेन भारत में होता है। हर साल कुल 48 बिलियन यानी कि 4800 करोड़ का लेनदेन हुआ। पिछले महीने 600 मिलियन ट्रांजेक्शन हुआ। केन्द्रीय मंत्री ने संवाद के दौरान युवाओं से स्टार्टअप्स के संघर्ष और सफलता की कहानी भी सुनी। इस दौरान एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अरविंद कुमार, डीपीआईटी की श्रुति सिंह, अटल इनक्यूबेशन सेंटर के प्रभारी प्रो.पीवी राजीव आदि मौजूद रहे।