राष्ट्रीय

शिवराज बोले- मैं पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं, नेतृत्व कहेगा तो दरी भी बिछाऊंगा

भोपाल/नई दिल्ली, 16 जनवरी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह खुद तय नहीं कर सकते कि उन्हें क्या काम करना है। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे निभाएंगे। अगर पार्टी नेतृत्व कहेगा, तो मैं दरी बिछाने के लिए भी तैयार हूं। एक अच्छा पार्टी कार्यकर्ता वह है, जो अपने बारे में स्वयं निर्णय नहीं लेता। यह पार्टी को तय करना है कि कौन-सा व्यक्ति कहां पर उपयुक्त रहेगा।

मुख्यमंत्री चौहान ने यह बात दिल्ली में एक अंग्रेजी मीडिया संस्थान के सवाल का जवाब देते हुए कही। वे पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। दरअसल, इस साल के अंत में मध्य प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसको लेकर उन्होंने कहा कि हमारे लिए हर साल चुनावी साल होता है। हम नियमित काम करते रहते हैं। चुनावी वर्ष की अवधारणा तो उनके लिए है, जो वर्षों तक काम ही नहीं करते।

हालांकि, उन्होंने कहा कि उनका जोर आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने को लेकर है। इसके लिए बुनियादी संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। गुजराज के विधानसभा चुनाव के बाद मध्य प्रदेश में भी वर्तमान विधायकों में करीब 40 प्रतिशत को बदलने की बात जोर पकड़ रही है। इस पर उन्होंने कहा कि यह भी पार्टी तय करेगी।

उल्लेखनीय है कि पांच महीने पहले जब शिवराज सिंह चौहान को भाजपा संसदीय बोर्ड से बाहर किया गया था, तब भी उन्होंने कहा था कि मुझे बिल्कुल भी अहम नहीं है कि मैं ही योग्य हूं। पार्टी मुझे दरी बिछाने का काम देगी तो राष्ट्र हित में यह भी करूंगा। पार्टी कहेगी कि जैत (मुख्यमंत्री का गृह गांव) में रहो तो वहां रहूंगा। पार्टी कहेगी कि भोपाल में रहो तो भोपाल में रहूंगा। राजनीति में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विशाल परिवार है। इसके प्रवाह में कोई आगे बढ़ता है, तो कोई बाहर आता है। केंद्रीय स्तर पर एक टीम होती है, जो यह तय करती है कि किसे, क्या काम करना है। जैसे हम प्रदेश में तय करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker