उत्तर प्रदेश

मेरठ की पुष्पा यादव को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार

मेरठ, 03 सितम्बर। मेरठ के रजपुरा प्राथमिक विद्यालय की प्रधाना अध्यापिका पुष्पा यादव को राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। इससे मेरठ के शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। पुष्पा को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

प्रदेश सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों के 75 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया है। शनिवार को यह सूची जारी की गई। इनमें से 10 शिक्षकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। जबकि 65 शिक्षकों को उनके जनपद में सम्मानित किया जाएगा। इसमें मेरठ के रजपुरा प्राथमिक विद्यालय की प्रधान अध्यापिका पुष्पा यादव को भी चयनित किया गया है। लगन और मेहनत से पुष्पा ने अपने प्राथमिक विद्यालय की सूरत बदल दी है। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को धरातल पर उतार दिया है। देखने में रजपुरा का प्राथमिक विद्यालय कोई सुविधाओं से संपन्न प्ले स्कूल लगता है। इस स्कूल में लगभग 200 बच्चे पढ़ते हैं। पुष्पा यादव ने इस स्कूल को नया रूप दिया है। स्कूल की दीवारों की पेंटिंग अद्भुत है तो फर्श भी रंग-बिरंगे पेंटिंग से सजा हुआ है। स्कूल प्रांगण में रंग-बिरंगे पौधे खिले हुए हैं।

प्रधान अध्यापिका पुष्पा ने बताया कि उनके स्कूल की लाइब्रेरी में दो हजार से अधिक पुस्तकें हैं। 13 साल पहले इस स्कूल में ज्वाइनिंग के समय हालात बिल्कुल अलग थे। स्कूल के मैदान में लंबी घास थी। फर्श टूटे थे और बारिश में छत से पानी टपकता था। बारिश में बच्चों को इधर-उधर करके बैठाना पड़ता था। उन्होंने तभी इस स्कूल का कायाकल्प करने का निर्णय ले लिया था। सरकारी और स्वयं के प्रयासों से आज उनका प्राथमिक स्कूल का प्रदेश में एक मुकाम बन चुका है। बच्चों के बैठने के लिए कुर्सी-मेज की व्यवस्था है। स्कूल में समर कैंप, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जाता है। खेलकूद की व्यवस्था भी स्कूल में है।

पुष्पा यादव का कहना है कि उन्होंने अध्यापन को केवल आजीविका का साधन नहीं माना, बल्कि शिक्षा के मंदिर को संवादने को अपना ध्येय बना लिया है। इसी का परिणाम है कि उनके स्कूल को आज हैप्पी स्कूल के नाम से जाना जाता है। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इससे पहले पुष्पा यादव का चयन निपुण भारत मिशन के तहत एडूलीडर्स यूपी अवार्ड 2022 के लिए हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker