राष्ट्रध्वज हमारी शान का प्रतीक – प्रो. समर सिंह
सोनीपत, 05 अगस्त। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत क्षेत्रीय मशरूम अनुसंधान केंद्र मुरथल महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर एमएचयू कुलपति प्रो. समर सिंह ने शिरकत की जबकि मंच संचालन एमएचयू कुलसचिव डॉ. अजय सिंह ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. समर सिंह ने कहा कि राष्ट्रध्वज हमारी शान का प्रतीक हैं। यह हमें राष्ट्रीयता ओर देशप्रेम का संदेश देता हैं। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए केंद्र सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया है। जिसमें हर जन को बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तथा समस्त स्टाफ को स्वयं के घर में राष्ट्रध्वज फहराने के साथ अन्य व्यक्तियों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा।
कुलसचिव डॉ. अजय सिंह ने कहा कि गृह मंत्रालय ने भारतीय ध्वज संहिता 2002 में संशोधन किया है। अब पालिएस्टर के बने राष्ट्रीय ध्वज या मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज को फहराने की अनुमति दी गई। इसके साथ ही दिन और रात में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि पहले प्रविधान था कि तिरंगा केवल सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच ही फहराया जा सकता था। अब किसी भी दिन सार्वजनिक, निजी संगठनों या शैक्षणिक संस्थान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सकता है, बशर्ते वे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान को नियंत्रित करने वाले नियमों का पालन कर रहे हों। इस मौके पर वैज्ञानिक व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।