दिल्ली में 15 अगस्त तक लहराएंगे 500 तिरंगे : केजरीवाल
नई दिल्ली, 04 जून । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 15 अगस्त तक दिल्ली में 500 तिरंगे लहराएंगे। केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित ‘तिरंगा सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी में 200 से अधिक तिरंगे लगाए जा चुके हैं। तिरंगा लगाने के लिए 200 पोल तैयार कर लिए गए हैं। आगामी 15 अगस्त तक पूरी दिल्ली में 500 तिरंगे लहराएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली को आने वाले दिनों में तिरंगे की राजधानी के रूप में भी जाना जाएगा। हर दो से तीन किलो मीटर पर तिरंगे दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगे की देख-रेख के लिए पूरी दिल्ली में 500 तिरंगा समितियां बनाई जा रही हैं। प्रत्येक झंडे के लिए 5 सदस्यीय समिति बनाई जाएगी। यह समितियां हर रविवार को सुबह 10 बजे, राष्ट्रीय गान गाने के लिए लोगों को एकत्र करेंगी।
उन्होंने कहा कि जो पांच सौ समितियां बनाई जाएंगी अगर प्रत्येक समिति अपने क्षेत्र में एक हजार युवा वालंटियर को जोड़े तो यह 500 समितियां मिलकर पांच लाख युवाओं को जोड़ सकती हैं और यह सभी युवा वालंटियर दिल्ली को दिशा दे सकते हैं। केजरीवाल ने कहा कि जो समिति एक हजार वालंटियर तैयार करेंगी उनके साथ वह डिनर करेंगे।
केजरीवाल ने अपने संबोधन के दौरान तिरंगा समितियों से अनुरोध किया कि सभी समितियां अपने वालंटियर को दिल्ली की सेवा में लगाएं। उन्होंने समितियों से पांच चीजें करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी तिरंगा समितियां तय करें कि उनके क्षेत्र में कोई भूखा न सोए, कोई बीमार हो तो उसे हॉस्पिटल पहुंचाएं, बेघर लोगों को दिल्ली सरकार के शेल्टर होम तक पहुंचाएं और सभी समितियां क्षेत्र की साफ-साफई का विशेष ध्यान रखें।