राष्ट्रीय

झारखंड: विधानसभा की मांडर सीट पर कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की विजयी

-उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार गंगोत्री कुजूर को 23517 मतों से हराया

रांची, 26 जून। झारखंड विधानसभा की मांडर सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस समर्थित गठबंधन की उम्मीदवार शिल्पी नेहा तिर्की विजयी हुईं। उन्होंने भाजपा की उम्मीदवार गंगोत्री कुजूर को 23517 मतों से हराया है। मतगणना में कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की को 95062 वोट मिले जबकि भाजपा की गंगोत्री कुजूर को 71545 मत हासिल हुए।

इस चुनाव में किस्मत आजमा रहे सुभाष मुंडा को 13923, दिनेश उरांव को 1517, रेखा कुमारी को 1096, शिवचरण लोहरा को 624, अग्नि तिर्की को 1146, अशोक उरांव को 603, आनंद पॉल तिर्की को 508, जॉन तिर्की को 593, देव कुमार धान को 22395, नीरज उरांव को 1185, मार्शल बारला को 1310, सुशील उरांव को 2630 वोट मिले। नोटा को 2633 वोट मिला।

उल्लेखनीय है कि मांडर उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। मतगणना 21 राउंड तक चली। हर एक राउंड में शिल्पी नेहा तिर्की बढ़त बनाई हुई थी। मांडर उप चुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे।

पिता के सपने को करूंगी पूरा : शिल्पा

उपचुनाव में जीत के बाद शिल्पी नेहा तिर्की ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह पिता के अधूरे सपने को पूरा करेंगी। एक साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया जिस वजह से उनकी विधायकी चली गई लेकिन मांडर की जनता ने उन पर विश्वास जताया है। वह जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि मांडर की जनता ने भाजपा की सांठगांठ का जवाब शिल्पी नेहा तिर्की को आशीर्वाद देकर दे दिया है। केवल बयानवीर होकर बयान देने से नहीं होता है। धरातल पर काम भी करना होता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की मांडर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव में यह छठी हार है। उनकी पार्टी को बाबूलाल मरांडी के बारे में विचार करना चाहिए। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को पूरा विश्वास था कि शिल्पी नेहा करीब 20 हजार वोटों से विजयी होंगी, जो मांडर की जनता ने कर दिखाया है। उन्होंने इस जीत पर मांडर की जनता को बधाई दी है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने मांडर उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए शिल्पी नेहा तिर्की को हार्दिक बधाई और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए मांडर की जनता को हृदय से धन्यवाद। मांडर की जनता ने अभिमानी केंद्र सरकार के गुरुर को तोड़ा है और साबित किया कि झारखंड की जनता महा गठबंधन सरकार के कार्यों से संतुष्ट है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker