नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कसी
मेरठ, 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश में होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मथने का कार्यक्रम तय कर लिया है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी समीक्षा बैठक, चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा के लिए पहुंच रहे हैं। वह 18 से 21 नवम्बर तक पश्चिमी उप्र के जिलों में पार्टी नेताओं के साथ बैठक करके चुनाव लड़ने की योजना पर मंथन करेंगे। इसकी शुरूआत 18 नवम्बर को मुरादाबाद से होगी।
मुरादाबाद में मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, सम्भल और अमरोहा जनपदों की बैठक होगी। 19 नवंबर को नोएडा गौतमबुद्ध नगर में जनपद गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर की बैठक होगी। 20 नवंबर को मेरठ में जनपद मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत जनपदों की बैठक होगी।
इन बैठकों में संबंधित प्रदेश पदाधिकारी, जिला, शहर, ब्लॉक, वार्ड के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारी, पूर्व सांसद, विधायक, लोकसभा व विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी, फ्रंटल संगठन, विभाग, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व पदाधिकाारी शामिल होंगे। 21 नवंबर को नई दिल्ली में पार्टी कार्यालय पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। इसमें नगर निकाय चुनावों के संभावित प्रत्याशियों के नामों पर गहन विचार विमर्श किया जाएगा। अभिमन्यु त्यागी ने बताया कि उप्र के निकाय चुनावों को कांग्रेस गंभीरता से ले रही है। कांग्रेस अपने सिंबल पर निकाय चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता गंभीरता से चुनावों में जुटे हैं।