सीवान: राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित
सीवान, 16 नवम्बर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बुधवार को सीवान समहारणालय के सभागार में जिला सूचना एवं प्रसारण कार्यालय के द्वारा ” राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका ” विषय पर परिचर्चा आयोजित किया गया। परिचर्चा को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि मीडिया कर्मी तथ्यों को प्रस्तुत करें, तथ्यों के आधार पर खबर बनाएं, अपना विचार प्रस्तुत करना सही नहीं है। तथ्य देंगे तो स्वतंत्रता दिखेगी, जबकि विचार देने से दबाव बढ़ेगा। खबरों में अपना विचार देना सही नहीं है, जब विचार के बदले तथ्य देंगे तो चौथा स्तंभ की मुख्य विशेषताएं दिखेगी।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और रहेगी। आज ब्रेकिंग न्यूज का दौर है, सोशल मीडिया में तुरंत ही बातें उछल जाती है, लेकिन सच्चाई मीडिया ही प्रस्तुत करती है। ब्रेकिंग के रेस में नहीं दौड़ें, खबरों को जानें, समझें, तब प्रस्तुत करें। राष्ट्र निर्माण में मीडिया का योगदान अद्वितीय और प्रशंसनीय है, पॉजिटिव खबरों पर ध्यान दें, अच्छी चीज को प्रमोट करेंगे तो सक्सेस स्टोरी से अन्य लोग भी प्रेरित होंगे। प्रेस की सुरक्षा के लिए शासन-प्रशासन सजग है, हम सब हर पहलुओं पर ध्यान देते हैं।
वहीं प्रभारी सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सूश्री मनीषा ने कहा कि पत्रकारों के देखने का नजरिया आम लोगों से अलग होना चाहिए। सच्चाई परोसना चाहिए, मीडिया के कारण ही हमें पता चलता है कि कहां सुधार की आवश्यकता है। ऐसे में पूरी जानकारी के साथ खबर प्रस्तुत करने पर शासन-प्रशासन और लोगों को सही जानकारी मिलेगी। पत्रकारों को कभी पूर्वाग्रह से ग्रसित नहीं होना चाहिए, तभी राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप सीवान के सकारात्मक खबरों को प्रचारित करने में मीडिया अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।