फतेहाबाद: कोरोना योद्धा कर्मियों के समर्थन में आए अनेक विभागों के कर्मचारी
जब तक बहाल नहीं होंगे कर्मचारी, तब तक आन्दोलन जारी रहेगा : भूप सिंह भडोलावाली
फतेहाबाद
बर्खास्त कोरोना योद्धा कर्मचारियों की एकता के बैनर तले कन्वीनर पूनम बिश्नोई की अध्यक्षता में हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा ड्यूटी ज्वाईन करवाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत सोमवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी लघु सचिवालय पहुंचे और एडीसी को ज्ञापन सौंपा। सर्व कर्मचारी संघ, कर्मचारी महासंघ, रोडवेज कर्मचारी एकता मंच, नगरपालिका कर्मचारी संघ, आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन, आशा वर्कर, पब्लिक हैल्थ, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, नागरिक अधिकार मंच फतेहाबाद, रिटायर्ड कर्मचारी संघ, सीटू, भारत की जनवादी नौजवान सभा ने भी धरने को समर्थन दिया। धरना को संबोधित करते हुए रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के शिव कुमार श्योराण, राजू प्रधान, दीपक बल्हारा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान भूप सिंह भडोलावाली, पूर्व प्रधान बेगराज व वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश तुसामड़ ने कहा कि इन कर्मचारियों के समर्थन में शुक्रवार 15 अप्रैल को नागरिक अस्पताल के सामने इक्कठे होकर संयुक्त तौर पर जिला स्तरीय शहर में प्रदर्शन किया जाएगा। सकसं के ब्लाक सचिव इंद्र सिंह घासी ने कहा कि 12 अप्रैल को आल हरियाणा पावर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन, 13 अप्रैल को नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, 14 अप्रैल को पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन के 5-5 सदस्य नागरिक अस्पताल के बाहर चल रहे धरने में शामिल होंगे।