गंभीर का केजरीवाल पर तंज, ‘चुनावी मेंढक आसमां देख कर निकलते हैं, तकलीफ देख कर नहीं’
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वी दिल्ली से सांसद गौतम गंभीर ने गाजीपुर लैंडफील साइट को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एमसीडी चुनावों को देखते हुए केजरीवाल को इस समस्या का ध्यान आ रहा है। उन्हें लोगों की तकलीफ से कोई लेना देना नहीं है।
गौतम गंभीर ने एक ट्वीट कर मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने 2020 में मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा पदभार संभालने के दौरान अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र को भी साझा किया है। जिसमें उन्होंने उस समय गाजीपुर लैंड फील साइट का दौरा उनके साथ करने का अनुरोध किया था। पत्र में उन्होंने लैंडफील साइट के आसपास रह रहे लोगों की दिक्कतों का मुद्दा उठाते हुए उनसे कहा था कि मुख्यमंत्री केजरीवाल से केन्द्र सरकार और उस समय की पूर्वी दिल्ली नगर निगम के प्रयासों का जायजा लेने को कहा था।
गौतम गंभीर ने आज ट्वीट कर कहा, “मैं 2019 से 8 बार गाजीपुर पहाड़ पर गया और बार-बार बुलाने पर भी मुख्यमंत्री नहीं आए! चुनावी मेंढक आसमां देख कर निकलते हैं, तकलीफ देख कर नहीं। ”
उल्लेखनीय है कि गाजीपुर स्थित लैंडफिल साइट का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 15 साल से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में भाजपा की सरकार है। इन लोगों ने दिल्ली को कूड़े के तीन पहाड़ दिए हैं। गंदगी से दिल्ली में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।