शिलांग पहुंची शतरंज ओलंपियाड मशाल रिले
शिलांग, 10 जुलाई । भारत में पहली बार आयोजित होने जा रहे 44वें शतरंज ओलंपियाड की मशाल रविवार को मेघालय की राजधानी शिलांग पहुंच गई है। ग्रैंड मास्टर मित्रभा गुहा ने मशाल ग्रहण की।
स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) ने रविवार को ट्वीट कर बताया कि ग्रैंड मास्टर मित्रभा गुहा ने शिलांग स्थित साई स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में मशाल को आगे बढ़ाया।
एक अन्य ट्वीट में बताया कि हमारे शतरंज विजेता ग्रैंड मास्टर मित्रभा गुहा का मेघालय में जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने केंद्र में युवा खिलाड़ियों के साथ शतरंज भी खेला। इससे पहले मशाल शुक्रवार को गंगटोक पहुंची थी।
भारत में शतरंज ओलंपियाड का आयोजन 28 जुलाई से 10 अगस्त तक होने जा रहा है। पहली बार अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ ने शतरंज ओलंपियाड की मशाल रिले की शुरुआत की है। ये ओलंपिक खेलों का हिस्सा रहा है, लेकिन शतरंज ओलंपियाड में अब तक ऐसा कभी नहीं किया गया था। शतरंज ओलंपियाड के लिए पहली मशाल रिले भारत से शुरू हो रही है।
मशाल रिले का शुभारंभ दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। मशाल तमिलनाडु के महाबलीपुरम में समाप्त होने से पहले 40 दिनों के लिए 75 शहरों की यात्रा करेगी।