अंजली ने 488 अंक हासिल कर जिले में दूसरा व ब्लाक में पहला स्थान पाया
अंजली को मिठाई खिलाते।
गन्नौर। हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने बाहरवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। जिसमें चटिया औलिया गांव के भगत फूल सिंह पब्लिक स्कूल की छात्रा अंजली ने 500 में से 488 अंक हासिल कर जिले में दूसरा व ब्लाक में पहला स्थान हासिल किया है। अंजली एक साधारण परिवार से संबंध रखती है। उसके पिता देवंद्र सिंह का देहांत हो गया था। जिसके बाद से उसके दादा राय सिंह अंजली की परवरिश कर रहे हैं। दादा राय सिंह पेशे से किसान हैं, जबकि उनकी माता संतोष गृहणी हैं। अंजली के जिले में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद उसके घर में खुशी की लहर है। दादा ने अपनी पोती को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की। अंजली ने बताया कि उसे यह सफलता उनके दादा जी व स्कूल के अध्यापकों और प्रबंधन के कारण ही मिली है। अंजली की कामयाबी पर स्कूल प्राचार्य सुरेंद्र खत्री ने भी बधाई दी। अंजली ने बताया कि परीक्षा के दौरान स्कूल से आने के बाद रात 11 बजे तक व सुबह 3 बजे से सुबह 5 बजे तक पढ़ाई करती थी। उसने बताया कि अब वह ग्रेजुएशन करन के साथ ही यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करेगी, जिसमें उसके दादा जी पूरा सहयोग देंगे।