अग्निपथ योजना से टूट रहा युवाओं का सपना।
राष्ट्रभक्ति की प्रतीक भारतीय सेना को ठेकेदारी पर देने का फैसला सर्वथा अनुचित : निखिल मदान
सोनीपत नगर निगम सोनीपत मेयर निखिल मदान ने केंद्र सरकार द्वारा भारतीय सेना में भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना को खारिज करते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से सेना की खुली भर्ती नहीं होने के कारण 2 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। अग्निपथ योजना एक तरह से ठेकेदारी प्रथा है जिसने देश सेवा करने का जज्बा और जुनून रखने वाले जवानों के सपनों को तोड़ने का काम किया है। इसीलिए देश भर में आक्रोशित युवा इसका विरोध कर रहे हैं। केंद्र सरकार पूरी तरह से किसान और जवान विरोधी है। सरकार द्वारा अग्निपथ योजना का विरोध करने वाले युवाओं पर किसानों की तरह मुकदमें दर्ज करके डराया जा रहा है। सरकार दमनकारी नीति अपनाकर आम नागरिकों के लोकतांत्रिक हकों पर सीधा हमला कर रही है। तीन काले कृषि कानूनों की तरह अग्निपथ योजना के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आंदोलन करना चाहिए।
मेयर निखिल मदान ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा जंतर मंतर पर आयोजित धरना प्रदर्शन में भाग लिया। मेयर निखिल मदान ने बताया की भाजपा सरकार द्वारा ई.डी. एवं अन्य संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी , गरीब मजदूर के हित की बात करने वाले राहुल गांधी एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को नाजायज तौर पर परेशान किया जा रहा है।
इसके साथ ही भारतीय सेना में स्थाई सेवा को दरकिनार कर अग्निवीर योजना से 4 साल की नौकरी देकर करोड़ों युवाओं के सपने को तोड़ा जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी देश के किसानों, जवानों और युवाओं के हर संघर्ष में सड़क से लेकर संसद तक कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी और
जय जवान जय किसान के नारे के लिए हर आंदोलन करेगी।
इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उदय भान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।