एक एवं दो सितम्बर को चलेगा अभाविप का महासदस्यता अभियान
बेगूसराय, 30 अगस्त। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) बेगूसराय नगर इकाई के द्वारा वृहद पैमाने पर स्कूल, कॉलेज एवं कोचिंग में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। बेगूसराय नगर में सदस्यता अभियान के तहत हजारों छात्र-छात्राओं को अभाविप की सदस्यता प्रदान की गई।
मौके पर उपस्थित पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि बेगूसराय नगर में अब तक 12 हजार छात्र-छात्रा को सदस्यता दी गई है। यह अभियान पांच सितंबर तक चलाया जाएगा, जिसमें एक एवं दो सितम्बर को महा सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मौके पर उपस्थित जिला संयोजक सोनू कुमार एवं नगर मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि अभाविप विभिन्न आयामों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मंच प्रदान करती है। इस मंच के माध्यम से छात्र-छात्रा अपनी प्रतिभा को निखारते हैं एवं राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिनिधित्व करते हैं। अभाविप लगातार कॉलेज कैंपस में छात्र-छात्राओं का सहयोग करते हैं, इसी का परिणाम है कि छात्र-छात्रा हमसे जुड़ते हैं।
सोशल मीडिया प्रभारी प्रह्लाद कुमार एवं कार्यकर्ता उज्ज्वल कुमार ने कहा कि सदस्यता अभियान के बाद छात्र-छात्रा अधिक से अधिक कॉलेज आएं इसके लिए जागरूकता अभियान चलाएंगे। क्योंकि शहर के सभी महाविद्यालय में 60 हजार से अधिक छात्र-छात्रा अध्ययनरत है, लेकिन सभी महाविद्यालय मिलाकर छह हजार भी उपस्थित नहीं रहते। मौके पर अजीत, गौरव, सत्यम, विवेक, अंशु, मोहित, रौशन, शांतनु, प्रिंस, अमर एवं कमल सहित अन्य मौजूद थे।