एक पखवाड़े तक अमृत सरोवरों पर पौधरोपण करेंगे होमगार्ड्स: संजीव शुक्ल
मेरठ, 13 सितम्बर। डीआईजी होमगार्ड्स आगरा संजीव शुक्ल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में निर्मित अमृत सरोवरों पर एक पखवाड़े तक होमगार्ड विभाग द्वारा पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए 17 सितम्बर से अभियान शुरू होगा, जो दो अक्टूबर तक चलेगा।
चौधरी चरण सिंह विवि के सभागार में मंगलवार को डीआईजी होमगार्ड्स संजीव शुक्ल ने मेरठ जनपद के सभी अवैतनिक, वैतनिक पदाधिकारियों और कार्मिकों की बैठक ली। बैठक में होमगार्ड्स की वर्दी टर्न आउट, सॉफ्टवयेर ड्यूटी प्रतिस्थापन, ऑनलाइन मस्टररोल जनरेशन के मुद्दे पर चर्चा हुई। इसके साथ ही 17 सितम्बर से दो अक्टूबर तक होमगार्ड्स विभाग द्वारा अमृत सरोवरों पर पौधरोपण कराए जाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। डीआईजी ने कहा कि अमृत सरोवरों और अन्य उचित स्थानों को चिन्हित करके पौधरोपण कराया जाए। स्थानीय स्तर पर वन एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारीएवं ग्राम प्रधान से समन्वय स्थापित कर जल संरक्षण एवं पौधरोपण के कार्यक्रम को सफल बनाया जाए। बैठक में गिरिराज सिंह डिवीजनल कमाण्डेंट होमगार्ड्स मेरठ, महेन्द्र कुमार यादव मण्डलीय कमाण्डेन्ट, राजेन्द्र सिंह जिला कमाण्डेन्ट होगमार्ड्स मेरठ इत्यादि उपस्थित रहे।