आम आदमी पार्टी को खत्म करने में जुटी है भाजपा : केजरीवाल
नई दिल्ली, 28 सितंबर। आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आप पार्टी को खत्म करने में जुटी है। केजरीवाल ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि देश गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई से परेशान है लेकिन भाजपा इन मुद्दों का समाधान निकालने के बजाय आप पार्टी को खत्म करने में लगी है।
केजरीवाल ने कहा कि आप से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाजपा पूरे देश में परेशान करा रही है। कल विजय नायर नाम के एक आप कार्यकर्ता को शराब घोटाले के आरोप में गिरफ्तार कर लिया । जबकि नायर गुजरात में मीडिया का कामकाज देखते हैं। उसका दिल्ली के शराब घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है। केजरीवाल ने कहा कि नायर पर पहले तो पुलिस ने दबाव बनाया कि वह मनीष सिसोदिया के खिलाफ बयान दें। जब नायर ने ऐसा नहीं किया तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
केजरीवाल ने कहा कि आप की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा परेशान है। इस लिए पार्टी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। पार्टी का ग्राफ गुजरात में तेजी से बढ़ रहा है। इस बात से भाजपा में बौखलाहट है।