अंतर्राष्ट्रीय

 भारतीय विदेश मंत्री ने किया मालदीव में हनीमाधू हवाई अड्डे का भूमिपूजन

माले, 19 जनवरी। भारत और मालदीव के रिश्तों को और मजबूती प्रदान करते हुए भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मालदीव के हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भूमि पूजन किया। मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह के साथ भूमिपूजन करने के बाद भारतीय विदेश मंत्री ने हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पुनर्विकास परियोजना को भारत और मालदीव के संबंधों के लिए ऐतिहासिक पड़ाव बताया।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में भारतीय विदेश मंत्री ने कहा कि भारत की मालदीव के साथ साझेदारी, एक दूसरे के हितों की पूर्ति और कल्याण की इच्छा पर निर्भर हैं। दोनों देशों की साझेदारी एक दूसरे की मदद से चुनौतियों का सामना करने के लिए है और यह बात हालिया कोरोना महामारी के दौरान देखने को भी मिली है। इस समय दुनिया का हर देश नए-नए गतिरोधों से प्रभावित है, ऐसे मुश्किल समय में परस्पर सहयोग और साझेदारी और भी अहम हो गई है। उन्होंने कहा कि मालदीव में बढ़ती भारतीय पर्यटकों की संख्या से पता चलता है कि दोनों देशों के संबंध मजबूत हो रहे हैं। मोदी सरकार में अब आधारभूत ढांचे और कनेक्टिविटी को बेहतर करने पर फोकस किया जा रहा है।

मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने कहा कि हनीमाधू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना काफी सुनियोजित तरीके से पर्याप्त अध्ययन के बाद शुरू की गयी है। देश के माले क्षेत्र से अलग यह एक महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा विकास परियोजना है। इस परियोजना के लिए वित्तपोषण एक्जिम बैंक ऑफ इंडिया ने किया है। इस परियोजना को पूरी करने की जिम्मेदारी भारत की कंपनी जेएमसी को दी गई है। राष्ट्रपति ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से मालदीव के उत्तरी क्षेत्र में भी आर्थिक प्रगति देखने को मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker