लंदन के रेलवे स्टेशन पर भीषण आग, रेल सेवा ठप
लंदन, 17 अगस्त। लंदन के साउथ वार्क रेलवे स्टेशन पर भीषण आग लग गयी है। इस कारण लंदन व आसपास के क्षेत्र की रेल सेवा ठप हो गयी है। फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां आग बुझाने में लगानी पड़ीं लेकिन घंटों प्रयास के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी।
लंदन के मशहूर लंदन ब्रिज के पास स्थित साउथ वार्क रेलवे स्टेशन में स्थानीय समयानुसार बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे के आसपास भीषण आग लग गयी। बताया गया कि आग यूनियन स्ट्रीट पर रेलवे आर्क में लगी है। तत्काल लंदन फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गयी। आनन-फानन में मौके पर फायर ब्रिगेड की दस गाड़ियां पहुंचीं। अग्निशमन विभाग के 70 कर्मचारी मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंचे। घंटों प्रयास के बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी।
लंदन ब्रिज के पास से आसमान में काले धुएं की लकीर उठती साफ दिखती रही। आग में तात्कालिक रूप से किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। इस कारण लंदन व आसपास के क्षेत्र की रेल सेवाएं पूरी तरह ठप हो गयीं। लंदन फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने कहा कि जिस साउथ वार्क रेलवे स्टेशन पर आग लगी है, वह लंदन का एक अतिव्यस्त स्टेशन है। आग के कारण यात्रियों को भी अत्यधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस बाबत जांच की जा रही है।