राष्ट्रीय

दायित्व बोध से कार्य करें कार्यकर्ता : जेपी नड्डा

– मंडल कार्यसमिति में भाजपा अध्यक्ष के मार्गदर्शन से कार्यकर्ता उत्साहित

जबलपुर, 2 जून । भारतीय जनता पार्टी में सबसे महत्वपूर्ण दायित्व कार्यकर्ता का होता है। कार्यकर्ता अपने दायित्व बोध से कार्य करें और संगठन जो भी काम सौंपे, उसे पूरी निष्ठा के साथ पूर्णता की ओर ले जाए। हम सभी राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाने के लिए कार्य कर रहे हैं।

यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जबलपुर प्रवास के दौरान मंडल कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कही। भाजपा अध्यक्ष नड्डा गुरुवार को जबलपुर संगठनात्मक प्रवास पर थे। उन्होंने जबलपुर पश्चिम विधानसभा के रानी दुर्गावती मंडल की कार्यसमिति में भाग लिया। अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का मंडल कार्यसमिति में मार्गदर्शन पाकर मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साहित थे। बैठक में नड्डा ने मंडल पदाधिकारियों से परिचय लिया और संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी ली। मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सैनी ने नड्डा सहित मंचासीन पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने मंडल कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे संगठन में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। मंडल स्तर पर पदाधिकारी सतत प्रवास करें और कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क करें। केन्द्र और प्रदेश द्वारा दिए हुए संगठनात्मक कार्यक्रमों के पूर्व निर्धारित तैयारी के साथ उन्हें आयोजित करें। उन्होंने कहा कि आज हमारी पार्टी विश्व के सबसे बड़े कार्यकर्ता आधारित संगठन के रूप में जानी जाती है। समाज का हर वर्ग हमसे जुड़ना चाहता है।

उन्होंने कहा कि जब हम अपने दल से लोगों को जोड़ते हैं तो अपने वैचारिक विरोधियों की पहले बात सुने, फिर उन्हें अपने विचारों से अवगत कराकर अपने पक्ष और संगठन के साथ जोड़ने का कार्य करें। नड्डा ने कहा कि हमारी सरकार ने इतनी योजनाएं चलायी है कि समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। हम हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोड़े।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन हितानंद, प्रदेश महामंत्री शरदेंदु तिवारी, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर मंचासीन थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker