उत्तर पश्चिम हवाओं से दो दिन बढ़ेगा तापमान, बारिश की सम्भावना नहीं
कानपुर, 29 अक्टूबर। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व की जगह उत्तर पश्चिमी हो गई हैं, जिससे आ रही नम हवाएं कानपुर परिक्षेत्र के मैदानी इलाकों में रुक गई हैं। इससे कानपुर सहित उप्र के मैदानी इलाकों में आगामी दो दिन तापमान बढ़ेगा। हालांकि रात में लोगों को गुलाबी सर्दी महसूस होगी। आसमान साफ रहेगा और बारिश की सम्भावना नहीं है। हालांकि बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से लेकर तमिलनाडु होते हुए दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक निचले स्तरों पर एक निम्न दबाव की रेखा बनी हुई है।
बंगाल की खाड़ी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत दक्षिणी भाग के ऊपर आर्द्र उत्तर पूर्वी हवाओं की स्थापना के साथ शनिवार से तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने की उम्मीद है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 31.0 और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 96 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 50 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.1 किमी प्रति घंटा रही।
भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह आसमान साफ रहने के कारण बारिश की कोई सम्भावना नहीं है। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ और एंटी साइक्लोन के कारण अगले दो दिन तापमान भी थोड़ा बढ़ सकता है।