जवाहर तापीय परियोजना प्लांट में झूला टूटकर गिरा, मजदूर की मौत पर साथियों ने किया पथराव
एटा, 26 अगस्त। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में शुक्रवार जवाहर तापीय परियोजना में चिमनी का निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हुआ। पावर प्लांट की 280 मीटर ऊंची चिमनी में झूला टूटकर गिरने से काम कर रहे मजदूर गिर गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कर्मचारियों की भीड़ एकत्र हो गई और घटना से गुस्साएं लोगों ने शव को नहीं उठने दिया। हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराने पहुंची पुलिस और एसडीएम पर पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई।
जानकारी के मुताबिक, जवाहर तापीय परियोजना में चिमनी के निर्माण का कार्य चल रहा है। चिमनी के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने के लिए झूला बनाया गया था, जो शुक्रवार को अचानक से टूट गया और उसमें सवार कई मजदूर जमीन पर आ गिरे। इस हादसे में मजदूर झारखंड के गढ़वा निवासी अक्षय कुमार की मृत्यु हो गई। घटना में मजदूर की मौत होने पर साथी मजदूरों ने हंगामा शुरु कर दिया। खबर लगते ही पुलिस और जिला प्रशासन से एसडीएम मौके पर पहुंचकर मजदूरों को शांत कराने लगे, तो उन लोगों ने पत्थरबाजी शुरु कर दी। इससे पुलिस को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। कुछ देर बाद लोग शांत हुए।