कोलकाता पहुंचीं रेल राज्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
कोलकाता, 12 नवंबर। केंद्रीय रेल और कपड़ा राज्यमंत्री दर्शना विक्रम जरदोश शनिवार को कोलकाता पहुंचीं। उन्होंने महानगर के बेलवेडियर पार्क में दक्षिण पूर्व रेलवे और पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की है।
इस दौरान जरदोश ने कोष के उपयोग और नई परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त अनुदान की मांग पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने नई रेल लाइन, दोहरीकरण, थर्ड लेन, रोड ओवर ब्रिज, यात्री सुविधा कार्यों आदि जैसी चल रहीं रेलवे परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों के बीच समन्वय के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय पर भी जोर दिया। यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षा बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है।
दक्षिण पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक अर्चना जोशी ने रेल राज्य मंत्री को दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा की गई विभिन्न विकासात्मक पहलों के बारे में सूचित किया। चल रही परियोजनाओं की प्रगति, स्टेशनों का पुनर्विकास, एस्केलेटर और अन्य यात्री सुविधा उपायों की स्थापना, समपारों (लेवल क्रॉसिंग) को हटाना, यात्री सुरक्षा के लिए सीसीटीवी की स्थापना आदि। इसी तरह से पूर्व रेलवे की ओर से अपर महाप्रबंधक जयदीप गुप्ता ने इन सभी कार्यों की जानकारी मंत्री को दी।
बैठक में रेलवे के चल रहे कार्यों की जानकारी कर उन्होंने कहा कि जो भी काम चल रहे हैं, वह समय पर पूरे हो और यात्रियों की सुरक्षा तथा सुविधाएं और अधिक सुनिश्चित हो, इसके लिए लगातार काम करते रहना होगा। मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि अधिकारियों के बीच परस्पर तालमेल कार्यों की बेहतरी के लिए बेहद जरूरी होते हैं। बैठक में रेलवे के उक्त दोनों अधिकारियों के अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक अतुल्य सिन्हा और कई अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के बाद मंत्री हावड़ा स्टेशन पहुंची। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर का मुआयना किया और रेलवे अधिकारियों से बातचीत की। इसके साथ ही मंत्री दर्शना विक्रम जरदोश ने लोकल ट्रेन में चढ़कर व्यवस्थाओं को भी देखा।