राजेंद्र नगर विधानसभा के उप चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका
-करोल बाग कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रवि नायकर “आप” में शामिल हुए
नई दिल्ली, 08 जून । राजेंद्र नगर विधानसभा के उप चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। करोल बाग कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रवि नायकर और कांग्रेस के राजेंद्र नगर एससी-एसटी सेल के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सांवरिया “आप” में शामिल हुए हैं।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने पार्टी की औपचारिक सदस्यता दिलाई है। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दिल्ली मॉडल से प्रभावित होकर “आप” में शामिल हुए हैं। रवि नायकर ने कहा कि उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के युवा प्रत्याशी को देखते हुए सपोर्ट करने के लिए युवा आगे आ रहे हैं।
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आज पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राजेंद्र नगर में विधानसभा का उपचुनाव चल रहा है। लंबे समय तक जिनका राजनीतिक अनुभव भाजपा-कांग्रेस सहित दूसरे दलों में रहा है, ऐसे लोग आम आदमी पार्टी की नीतियों और अरविंद केजरीवाल के शिक्षा, पानी, स्वास्थ्य के दिल्ली मॉडल से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
करोल बाग कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रवि नायकर आज आम आदमी पार्टी परिवार में शामिल हुए हैं। इसके अलावा करोल बाग यूथ कांग्रेस और जेजे सेल करोल बाग के महासचिव रह चुके हैं।
इसके अलावा जिन चंद लोगों का नाम राजेंद्र नगर से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चल रहा था, उनमें रवि नायकर भी शामिल थे। इसके अलावा राजेंद्र नगर के कांग्रेस के एससी-एसटी सेल के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सांवरिया भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा वर्तमान में खटीक समाज के सचिव के पद पर कार्य कर रहे हैं।
तमिल एसोसिएशन दिल्ली के उपाध्यक्ष रवि नायकर ने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री के काम से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। राजेंद्र नगर विधानसभा के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के युवा प्रत्याशी को देखते हुए सपोर्ट करने के लिए युवा आगे आए हैं। ऐसे में लगा कि आम आदमी पार्टी को ज्वाइन करना चाहिए। दिल्ली में केजरीवाल सरकार के स्कूल-स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह जा रहे कामों से बेहद प्रभावित हैं।