सोनीपत: भगवान श्री राम के चरित्र को आत्मसात करें: कविता जैन
सोनीपत, 08 जनवरी। पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा है कि भगवान श्री राम का चरित्र हमारे आदर्श हैं इसको आत्मसात करें। भगवान राम के चरित्र को अपनाकर हम अपने जीवन को सुखद और सफल बनाएं। वे रविवार को गीता भवन शहर स्थित श्री राम परिवार संस्था के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि बोल रही थी। स्वामी दिव्यानंद भिक्षु महाराज के परम सांन्निध्य में विधि-विधान के साथ हवन-यज्ञ करते हुए पूजा अर्चना की गई।
पूर्व मंत्री कविता जैन ने कहा कि भगवान राम सर्वगुण संपन्न थे, जिनका जीवन मानव जगत के लिए उदाहरण है। हमारे आचरण को निर्धारित करने के लिए उनका जीवन प्रेरणा स्त्रोत है। हर पहलू प्रेरणाओं से भरा हुआ है, जिनसे हम अपने जीवन में मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। श्री राम परिवार सरीखी संस्थाओं के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्री राम का मंदिर बन रहा है। हमारी संस्कृति हैं, जिनसे सभ्यता को बल मिला है। संस्कारों के जनक राम हैं, जिनके बिना हिंदुस्तान की कल्पना निरर्थक है। भावी पीढिय़ों को भगवान श्री राम से जोडऩा सकारात्मक प्रयास किये जाने चाहिए।
स्वामी दिव्यानंद भिक्षु जी महाराज ने दिव्य आशीर्वाद देते कहा कि श्री राम के आदर्श व संदेश को जीवन में धारण करें, दूनिया में यह संदेश दें कि यह दिव्य स्वरुप राम मानव कल्याण के लिए आए थे। रघुवीर शर्मा, ओमप्रकाश अरोड़ा, पवन सहगल, सुरेन्द्र भूटानी, वरुण बजाज, अनुपम, यश, मनोहर नारंग, सतीश छाबड़ा, संजय बवेजा, काव्य आदि श्रद्धालु व व्यवस्थापक उपस्थित रहे।