आसमान साफ रहने के साथ रात के तापमान में आएगी गिरावट
कानपुर, 21 अक्टूबर। हवाओं की दिशाएं भले ही उत्तर पश्चिम हो गई हों, लेकिन तापमान सामान्य चल रहा है। इन हवाओं के चलने से आसमान साफ रहेगा और बादलों की आवाजाही खत्म हो जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि अब रात के तापमान में गिरावट आएगी और गुलाबी सर्द की शुरुआत हो जाएगी।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि 20 अक्टूबर को दक्षिण पश्चिम मानसून विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कई हिस्सों, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, पूरे मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों से वापस आ गया है। अगले 24 घंटों में मानसून पूरी तरह से विदा हो सकता है।
उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र, तथा संबंधित चक्रवाती परिसंचरण के साथ समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से एक ट्रफ तमिलनाडु तट तक फैली हुई है। एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण पूर्व अरब सागर और उससे सटे केरल तट पर औसत समुद्र तल से 1.5 से 5.8 किमी के बीच बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब और आसपास के इलाकों में देखा जा सकता है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 73 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 1.9 किमी प्रति घंटा रही। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी सप्ताह आसमान साफ रहने के साथ रात के तापमान में गिरावट की संभावना है लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।