राष्ट्रीय

रुचिरा कंबोज को संयुक्त राष्ट्र भारत की अगली राजदूत व स्थायी प्रतिनिधि

नई दिल्ली, 21 जून । भूटान में भारत की राजदूत रुचिरा कंबोज को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत की अगली राजदूत व स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है। वे शीघ्र ही कार्यभार ग्रहण करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी है। रुचिरा कंबोज को फरवरी, 2019 में भूटान में भारत की राजदूत के रूप में नियुक्त किया गया था। इससे पहले जुलाई, 2017 से मार्च 2019 तक वे दक्षिण अफ्रीका में भारत का उच्चायुक्त रहीं। उनके इस कार्यकाल में 29-30 अप्रैल, 2018 को जोहान्सबर्ग में पहला भारत-दक्षिण अफ्रीका व्यापार शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया। रुचिरा यूनेस्को, पेरिस में भारत की राजदूत व स्थायी प्रतिनिधि रही।

रुचिरा कंबोज 2011-2014 तक भारत की प्रमुख प्रोटोकॉल अधिकारी रहीं है। सरकार में अब तक इस पद को संभालने वाली वे पहली और एकमात्र महिला थीं। इस क्षमता में उन्होंने राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधान मंत्री और विदेश मंत्री की सभी निवर्तमान यात्राओं का निर्देशन किया।

मई 2014 में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह को निर्देशित करने के लिए विशेष कार्य पर विदेश मंत्रालय द्वारा बुलाया गया था। इस दौरान सार्क देशों और मॉरीशस के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों ने भाग लिया था। अगस्त और अक्टूबर 2015 में उन्हें नई दिल्ली में आयोजित तीसरे भारत अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के आयोजन में सहायता के लिए विशेष कार्य पर पेरिस से वापस बुलाया गया था। इस दौरान 54 सदस्यीय अफ्रीकी संघ के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों ने शिरकत की थी।

रुचिरा कंबोज 1987 में भारतीय विदेश सेवा में शामिल हुईं। वह 1987 सिविल सेवा बैच की अखिल भारतीय महिला टॉपर और 1987 विदेश सेवा बैच की टॉपर थीं। रुचिरा कंबोज ने बिजनेसमैन दिवाकर कंबोज से शादी की है और उनकी एक बेटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker