फरीदाबाद: नाबालिग सौतेली बेटी से दुष्कर्म करने वाला आरोपी पिता गिरफ्तार
साढे पाच माह की गर्भवती थी लड़की, किसी को बताने पर देता था जान से मारने की धमकी
फरीदाबाद, 21 अगस्त। सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने वाले 3 महीने से फरार चल रहे आरोपी पिता को पुलिस थाना एनआईटी प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता की टीम ने रविवार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम जगदीश उर्फ राजू है, जो उत्तर प्रदेश के झांसी जिले का रहने वाला है। फरीदाबाद के थाना एनआईटी एरिया में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 35 वर्ष है। आरोपी ने अपनी सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। उसके साथ बलात्कार किया तथा बाद में पुलिस में इसकी झूठी शिकायत देकर पुलिस को गुमराह करने का काम किया था।
आरोपी ने पीडि़त लड़की पर किसी अनजान व्यक्ति के नाम से शिकायत देने का झूठा दबाव बनाया जिसके दबाव में आकर पीडि़त लड़की ने 5 मई 2022 को आरोपी के साथ आकर एनआईटी थाने में शिकायत थी जिसमें पीडि़त बच्ची ने बताया कि उसकी आयु 13 वर्ष है। उसकी मां की 6 साल पहले मृत्यु हो चुकी है और उसकी दो छोटी बहनें हैं। उसने बताया कि जगदीश उसके सौतेले पिता हैं। लड़की ने बताया कि अपनी छोटी बहनों के खाना बनाने तथा घर का काम करने के लिए उसने पांचवी कक्षा से पढ़ाई छोड़ दी थी। पीडि़ता ने बताया कि वह अपनी बहनों के साथ पार्क में खेलने जाती थी तो वहां उसकी मुलाकात एक अभिषेक नाम के लड़के से हुई जिसने बहला-फुसलाकर उसके साथ बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। पीडि़त लड़की की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जब लड़की को मेडिकल के लिए बीके अस्पताल लेकर गई तो आरोपी अपनी दोनों छोटी बेटियों को लेकर फरार हो गया जिससे पुलिस को उस पर शक हो गया। उन्होंने बच्ची से इसके बारे में पूछताछ करनी शुरू की परंतु बच्ची ने आरोपी के डर से पुलिस को कुछ नहीं बताया। अस्पताल में मेडिकल के दौरान सामने आया की बच्ची साढ़े 5 महीने की गर्भवती है। पीडि़ता को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करके उसके बयान करवाए गए, जिसमें उसने अपने पिता के दर से किसी अनजान लड़के का नाम लेकर अपने बयान दर्ज करवाए। लड़की को देखभाल के लिए आश्रम भेजा गया। जहां बाल कल्याण समिति तथा महिला पुलिस ने बच्ची के साथ काउंसलिंग की। इसके बाद बच्ची ने सब कुछ बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।