भाजपा अन्ना के कंधे पर रखकर चला रही बंदूक : केजरीवाल
नई दिल्ली, 30 अगस्त। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जब शराब घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कोई तथ्य नहीं मिला तो वह अन्ना हजारे के कंधे पर रखकर बंदूक चलाने में जुटी है।
केजरीवाल ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर जनता भरोसा नहीं कर रही। इसीलिए ये लोग अन्ना के कंधे पर बंदूक चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने दिल्ली सरकार की विवादास्पद आबकारी नीति को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में डूबे केजरीवाल की ‘कथनी और करनी’ में अंतर साफ नजर आता है। अन्ना हजारे ने आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को संबोधित करते हुए पत्र में दिल्ली सरकार की आबकारी नीति पर निशाना साधा है।
उन्होंने लिखा है कि केजरीवाल राजनीति में जाकर और मुख्यमंत्री बनने पर अपने ही आदर्श विचारों को भूल गए हैं। अन्ना ने आगे लिखा है कि जिस प्रकार शराब का नशा होता है, उसी प्रकार सत्ता का भी नशा होता है। आप भी ऐसे ही सत्ता के नशे में डूब गये हो।