राष्ट्रीय

आजादी के अमृत महोत्सव : सूरत में निकाली गई तिरंगा यात्रा, शामिल हुए मुख्यमंत्री

सूरत/अहमदाबाद, 4 अगस्त । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने केन्द्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को सूरत में ‘तिरंगा पदयात्रा’ का शुभारंभ किया। इस मौके पर तिरंगा गीत भी लॉन्च किया गया।

गुरुवार सुबह से ही लालभाई कांट्रेक्टर स्टेडियम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं व देशभक्तों का हुजूम एकत्र हुआ। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गृह मंत्री हर्ष संघवी, राज्य सरकार के विभिन्न मंत्री, संगठन के तमाम पदाधिकारियों सहित लोगों की भीड़ की मौजूदगी में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा राहुल राज मॉल से शुरू हुई और दो किलोमीटर का सफर कर कारगिल चौक पर समाप्त हुई। इस यात्रा में विभिन्न स्कूलों के बच्चे भी शामिल हुए। इस यात्रा में मुख्यमंत्री के साथराज्य और केंद्र सरकार के मंत्री, सांसद-विधायक और पदाधिकारी अपने हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चले और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। मुख्यमंत्री पटेल ने आजादी के अमृत महोत्सव पर सभी को शुभकामनाएं दीं और लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को देशभक्ति के साथ सफल बनाने का आह्वान किया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ पर आधारित एक गाने का भी लोकार्पण किया। पदयात्रा मार्ग पर विभिन्न सांस्कृतिक समूहों ने तिरंगा पदयात्रा में भाग लेने वालों का स्वागत किया। यात्रा मार्ग पर डिजिटल भुगतान के आधार पर राष्ट्रीय ध्वज क्रय केन्द्र भी बनाए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूरे राष्ट्र में 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराने की योजना है। इसके लिए सूरत नगर निगम ने नगर में 416 स्थानों पर तिरंगा की बिक्री बूथ बनाए हैं। जिसमें सभी वार्ड कार्यालय, नागरिक सुविधा केंद्र, फायर स्टेशन, स्विमिंग पूल, निजी स्कूल, सुमन स्कूल, पुस्तकालय और नामित उद्यान के साथ-साथ बीआरटीएस स्टेशन भी शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker