राष्ट्रीय

राष्ट्र विरोधी ताकतें एक साथ हमारे खिलाफ कर रही साजिशें – मुख्यमंत्री

नई दिल्ली, 26 अगस्त। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उनकी सरकार को गिराने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ दिल्ली में आकर कीचड़ (धराशाही) हो गया। केजरीवाल ने विधानसभा में चर्चा में कहा कि सारी राष्ट्र विरोधी ताकतें हमारे खिलाफ एक साथ आ गई हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विशेष सत्र में चर्चा के दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की जमकर प्रशंसा की। प्रशंसा करने के साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर उनको उनके अच्छे कामों के लिए दंडित करने का आरोप लगाया। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की नई शराब नीति का समर्थन भी किया और कहा कि यह नीति पूरी तरह से पारदर्शी और लाभकारी रही है।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार को पहले परेशान करने के लिये उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आबकारी नीति मामले की जांच के आदेश दिये, अब स्कूलों में अतिरिक्त क्लासरूम के निर्माण मामले की जांच के आदेश दे दिये है। जिससे सरकार काम न कर पाए।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि भाजपा आरोप लगा रही है कि दिल्ली की नई शराब नीति में घोटाला हुआ है। इसको लेकर भाजपा नेता अलग-अलग तरह के दावे कर रहे हैं साथ ही सीबीआई भी इस मामले में कोई ठोस आरोप नहीं लगा पाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीआई ने मुख्यमंत्री सिसोदिया के आवास पर 14 घंटे छानबीन की लेकिन उन्हें एक अठन्नी (कुछ) भी नहीं मिला।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सिसोदिया के शिक्षा क्षेत्र में किए कार्यों की जमकर प्रशंसा की। केजरीवाल ने कहा कि वह देश के सबसे बेहतरीन शिक्षा मंत्री हैं और उनके कार्य की देश और दुनिया में प्रशंसा हो रही है। उनकी शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों को विश्व के नेता अपने यहां आकर देख रहे हैं और प्रशंसा भी कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश विरोधी ताकतें दिल्ली सरकार के किए गए प्रयासों से आहत महसूस कर रही हैं और आम आदमी पार्टी की सरकार के खिलाफ साजिश कर रही हैं। वर्तमान में शराब नीति का मामला भी इसी साजिश का हिस्सा है।

केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश के कई राज्यों में विपक्षी सरकारों को गिराया है। अभी तक भाजपा 277 विधायकों को खरीद चुकी है। भाजपा जीएसटी और पेट्रोल डीजल की बढ़ी हुई कीमतों का इस्तेमाल विधायकों की खरीद-फरोख्त में कर रही है। यह सारा षड़यंत्र गुजरात चुनावों को लेकर है। गुजरात में अगर चुनाव रद्द कर दिए जायें तो सारी ईडी और सीबीआई जांच खत्म हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश के इतिहास में भ्रष्टाचार का पहला मुद्दा होगा जिसमें सरकार को भी फायदा हुआ है और जनता को भी फायदा हुआ है। टीवी डिबेट पर भाजपा का कोई प्रवक्ता 10 हजार करोड़, दूसरा 8 हजार करोड़ का, कोई 1100 करोड़ तो कोई 144 करोड़ का भ्रष्टाचार बताता है। सीबीआई बोलती है कि सूत्रों के अनुसार एक कम्पनी ने दूसरे के अकाउंट में एक करोड़ रुपये भेजे तो यह भ्रष्टाचार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker