सिरसा: यौन शोषण के आरोपी मंत्री से तिरंगा फहरवाना शहीदों का अपमान
सिरसा, 22 जनवरी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा नहीं है, बल्कि बीजेपी नेताओं की करतूतों से जनता के लिए चेतावनी बन गई है। भाजपा सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक रेप के मामलों में लिप्त हैं। ये देश का दुर्भाग्य है कि भाजपा की सरकार में ऐसे नेता 26 जनवरी को ध्वजारोहण करेंगे। वे रविवार को पत्रकारों से बात कर रह थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी जूनियर कोच से छेड़छाड़ के आरोपी का सामना कर रहे मंत्री संदीप सिंह को 26 जनवरी को मुख्यातिथि बनाया गया है। आम आदमी पार्टी इसकी पुरजोर विरोध करेगी। गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल को अपने मंत्री संदीप सिंह को बचाने को बर्खास्त करना चाहिए था, लेकिन सरकार उनको सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश की पहलवान बेटियां जंतर-मंतर पर न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं। केंद्रीय खेल मंत्री कहते हैं कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह 4 सप्ताह के लिए सभी कार्यकलापों से दूर करेंगे, वहीं कुश्ती संघ अध्यक्ष बोल रहे हैं कि जल्द ही एजीएम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बेटियों की सुरक्षा और न्याय की बात करना बेमानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन के खिलाफ भी 2018 में एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई। ऐसी सरकार को जनता सबक सिखाने का काम करेगी। पूरे देश के कोने-कोने में महिलाओं को भाजपा के मंत्री, सांसद और विधायकों से खतरा है।
आम आदमी पार्टी ये मांग करती है कि सभी आरोपियों को पद से बर्खास्त कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यवस्था परिवर्तन का काम करेगी। प्रदेश में अपराध और युवाओं में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। नगर परिषद के चुनावों में आम आदमी पार्टी मजबूती से लड़ेगी और जीतेगी। 2024 में प्रदेश में आम आदमी पार्टी व्यवस्था परिवर्तन का काम करेगी। इस अवसर पर जोन प्रभारी लक्ष्य गर्ग, सह प्रभारी कुलदीप गदराना, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र एडवोकेट, जिला संगठन सचिव हैप्पी रानियां, विधानसभा अध्यक्ष हंसराज, केसी कंबोज, श्याम मेहता, सुरेंद्र खट्टर, कुलदीप भांभू, पूनम गोदारा, अनिल चंदेल, धर्मपाल लाट, प्रमोद वधवा, सिकंदर खट्टर, राजन हिंदुस्तानी, सुजल अनेजा, दुरजीत सहित आदि उपस्थित थे।