विधायक संजय सिंह का हाल जानने मेदांता पहुंचे धनखड़
-ब्रेन अटैक के चलते उपचाराधीन हैं सोहना के विधायक संजय सिंह
गुरुग्राम, 03 अगस्त। ब्रेन अटैक होने के बाद मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में उपचाराधीन सोहना के विधायक संजय सिंह का हालचाल जानने के लिए बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक संजय सिंह से मुलाकात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बीती 26 जुलाई 2022 की शाम को विधायक संजय सिंह की तबियत खराब हुई थी। तुरंत उन्हें मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की। जांच रिपोर्ट में पता चला कि विधायक संजय सिंह को ब्रेन अटैक आया है। उन्हें आईसीयू में भर्ती करके उपचार शुरू किया गया। लगातार उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। एक अगस्त को मुख्यमंत्री मनोहर लाल उनका हालचाल जानने पहुंचे थे। बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने मेदांता पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मेदांता अस्पताल में डॉ. नरेश त्रेहान की देखरेख में संजय सिंह का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी हालत ठीक है। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।