हरियाणा

नगर परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने किया मंथन

* मजबूत संगठन ही होता है पार्टी की जीत का आधार: नफे सिंह राठी

सिद्धार्थ राव, बहादुरगढ़। वार्ड व जोन अध्यक्ष पिछले 6 साल की सरकारी लूट खसोट की जानकारी जनता को पोस्टर व बैनर के माध्यम से देंगे। नगर परिषद में जो भाजपा-कांग्रेस ने मिलकर ठेकों में लूट मचाई है, वह किसी से छिपी नहीं है। कई गलियों की पेमेंट कर दी गई, लेकिन मौके पर आज भी गली नहीं बनी है। ऐसे कई काम है, जिसमें हर महीने भाजपा-कांग्रेस के भ्रष्टाचारी खुलेआम पैसे लेते थे। जिसका आने वाले समय में लोगों को सबूत सहित बताएंगे। हरियाणा सरकार जानबूझ कर नगर निगम चुनाव को टाल रही है, लेकिन अब दबाव के चलते हरियाणा सरकार को नगर निगम चुनाव कराने पड़ेंगे। यह कहना है इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी का। वह बुधवार को पार्टी कार्यालय में जोन प्रभारियों, जोन अध्यक्षों व वार्ड अध्यक्षों की बैठक ले रहे थे।


इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि वैसे तो इनेलो का संगठन बहुत मजबूत है, लेकिन संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में और प्रयास की जरूरत है। इसी के चलते कार्यकर्ता बूथ स्तर पर प्रकोष्ठ की सूची को जल्द से जल्द तैयार करके चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि इनेलो के सभी कार्यकर्ता चुनाव को लेकर लोगों के बीच पहुंचेंगे और जनता को पार्टी की नीतियों से अवगत कराएंगे। सभी कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही चुनाव जीता जा सकता है। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों के पास संगठन ही नहीं है और बिना संगठन के चुनाव जीतना मुश्किल है।

इनेलो के पास पूरे प्रदेश में मजबूत संगठन और मेहनती कार्यकर्ताओं की फौज है। इसी जागरूकता के आधार पर इनेलो प्रदेश में नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करेगी। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष राठी ने कहा कि 28 अप्रैल के बाद सभी जोनों की व वार्ड अध्यक्षों की अलग-अलग बैठकें ली जाएगी। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ नगर परिषद ने लोगों को सुविधाएं देने के बजाए अनेक घोटाले किए हैं। अमरुत योजना के नाम पर 100 करोड़ रुपए का घोटाला किया गया, जबकि इस योजना का बहादुरगढ़ को कोई लाभ नहीं मिला। इस योजना के नाम पर शहर की सड़कें उखाड़ दी गई। शहर का रेलवे रोड 22 साल पहले इनेलो शासन में बना था, लेकिन इस योजना के नाम पर बहस सड़क को उखाड़ कर छोड़ दिया गया। वहीं शहर की सफाई के नाम पर करोड़ों रुपए का घोटाला किया जा रहा है। इन घोटालों के कारण बहादुरगढ़ की जनता नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस-भाजपा के उम्मीदवारों को हराने का काम करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मेहनत के साथ नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं, निश्चित रूप से इन चुनावों में इनेलो की जीत होगी। बैठक में सभी जोन के प्रभारी, जोन अध्यक्ष व वार्ड अध्यक्ष मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker