उत्तर प्रदेश

‘हर घर तिरंगा’ अभियान: उत्तर प्रदेश में लहराएंगे चार करोड़ तिरंगा झंडे

-प्रदेश के हर घर पर 11 से 17 अगस्त तक फहरेगा तिरंगा

-तिरंगा बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों की ली जाएगी मदद

लखनऊ, 08 जुलाई। आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर देशभर में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव के तहत केंद्र सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की है। इसी के तहत उत्तर प्रदेश में भी 11 से 17 अगस्त तक चार करोड़ से ज्यादा तिरंगे फहराए जाएंगे। राज्य सरकार ने इस अभियान को जन अभियान बनाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुख्य सचिव ने इस संबंध में शुक्रवार को शासन के अधिकारियों के साथ बैठक भी की है।

इस अभियान को चलाने के पीछे सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न नागरिक संगठनों आदि का सहयोग लिया जाएगा।

सभी गांवों में हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने के लिए संस्कृति विभाग जागरूकता फैलाने के लिए प्रत्येक घर, दुकानों, कार्यालयों, स्कूलों और नलकूपों इत्यादि पर झण्डा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करेगा। वहीं झण्डा बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को शामिल करते हुए ‘झण्डा निर्माण समूहों’ का गठन किया जाएगा। साथ ही स्थानीय टेलर और आईटीआई के प्रशिक्षकों की मदद भी ली जाएगी। ये झंडे बिक्री के लिए सरकारी राशन की दुकानों पर उपलब्ध होंगे। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप केंद्रों पर जन जागरूकता के लिए पैम्फलेट, बैनर ,एलईडी वैन आदि के माध्यम से इस अभियान की जानकारी दी जाएगी। झंडे बनाने में खादी विभाग की भी अहम भूमिका रहेगी।

मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने शुक्रवार को बैठक कर इसकी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। वहीं सत्ता धारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी अपने कार्यकर्ताओं से तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी कार्यकर्ता इस हर घर में तिरंगा लगाने का काम करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker