पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों को कम करे केन्द्र सरकार : मल्लिकार्जुन खड़गे
नई दिल्ली
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। केन्द्र सरकार को चाहिए कि बढ़ते दामों को नियंत्रित कर आम लोगों को राहत दे।
खड़गे ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा मौजूदा सरकार हर दिन पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और अन्य चीजों का दाम बढ़ा रही है। कांग्रेस ने सदन में भी बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदन में मांग की है कि पेट्रोल-डीजल के दाम जो यूपीए के समय में थे उसी पर उपलब्ध कराए जाएं।
उल्लेखनीय है कि बीते पांच दिनों से पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी जारी है। आज राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के भाव 100 रुपये प्रति लीटर को पार कर गए हैं। वहीं कच्चे तेल के दाम में बीते कई दिनों से गिरावट देखी जा रही है।