युवा देश के विकास की रीढ़-राजीव जैन
सोनीपत,12 जनवरी। युवा किसी भी देश के विकास की रीढ़ होते हैं, ऐसी रीढ़ क्षति ग्रस्त हो जाये तो वह देश पिछड़ता चला जाता है और भ्रष्टाचार व अपराधों का बोलबाला समाज को खोखला कर देता है इसलिए युवाओं का मानसिक रूप से स्वस्थ रहना और सही मार्ग पर चलना जरूरी है।
यही विचार युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद ने अपनी कम उम्र में देश में फैलाने का काम किया। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन ने कहा कि आज जिस तरह से देश आगे बढ़ रहा है उसके लिए युवाओं का सही मार्गदर्शन, देश के प्रति कर्तव्य के प्रति जागृत करना हमारी जिम्मेदारी है। पुष्पांजलि से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौक में मूर्ति की सफाई की।
राजीव जैन ने कहा कि आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वेदानत दर्शन एवं सनातन धर्म अमेरिका और यूरोप के हर देश तक पहुंचाने में स्वामी विवेकानंद की अहम भूमिका रही जो उन्होंने 1893 में शिकागो अमेरिका में आयोजित धर्म सभा में भारत का नेतृत्व करते हुए दिया था। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद देश भक्ति के पर्याय थे और उनका सपना देश की बागडोर सन्यासियों के हाथ में देने की थी जो नरेंद्र मोदी एवं योगी आदित्यनाथ के रूप में पूरा हो रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद अमर रहे, अमर रहे के नारे लगाये।
कार्यक्रम में डॉ पूर्ण मल गोड, डॉ सुधीर गर्ग, पार्षद सुरेंद्र मदान, पूर्व पार्षद महेश लूथरा, त्रिभूवन कौशिक, मंडल अध्यक्ष मुकेश बत्रा, युवा नेता नीरज गर्ग, महेश जोहर, सरदार अजीत सिंह, सतबीर, अशोक, कुलदीप लागन, पंकज, सक्षम, सोनू, संजय भगत, किशन, राजू राणा, अशोक राणा, विनोद, अनिल समेत अनेकों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।