हिसार: 11 साल बाद दर्ज किया गया सबसे कम तापमान, अभी ठंड से राहत नहीं
हिसार, 03 जनवरी। हाड़ कंपा देने वाले ठंड से प्रदेशवासियों को अभी निजात मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान ने अभी तीन दिन तक और शीत लहर जारी रहने की संभावना जताई है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. मदन खिचड़ ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर आठ जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान अगले तीन दिनों अर्थात छह जनवरी तक राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में शीत लहर की स्थिति बनी रहने तथा सुबह के समय गहरी धुंध या कोहरा छाए रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवाएं चलने से रात्रि तापमान में भी गिरावट आना संभावित है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से सात व आठ जनवरी को बीच बीच में आंशिक बादल तथा रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
डा. मदन खिचड़ ने बताया कि मंगलवार को हरियाणा के ज्यादातर क्षेत्रों में गहरी धुंध या घना कोहरा छाया रहा तथा कुछ एक स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम आंकी गई। ज्यादातर क्षेत्रों में अति शीत लहर या सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। उन्होंने बताया कि एचएयू के कृषि मौसम वेधशाला में मंगलवार का अधिकतम तापमान अर्थात दिन का तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन का दिन का सबसे कम तापमान है। यही नहीं, वर्ष 2011 के बाद दिन का इतना कम तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले दो जनवरी 2011 को 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रात्रि तापमान अर्थात न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य के आसपास ही है। उन्होंने कहा कि दिन व रात्रि तापमान में अंतर कम होने से भी ठंड का प्रभाव ज्यादा होता है।