सांखोल निरंकारी सत्संग भवन में नवनिर्वाचित चेयरपर्सन सरोज रमेश राठी व नवनिर्वाचित पार्षदों का हुआ सम्मान
*प्रभु का ज्ञान ही मनुष्य का प्रथम व अंतिम लक्ष्य है : महाराज दयाल सिंह
*सांखोल निरंकारी सत्संग भवन में हुआ विशाल सत्संग का आयोजन
सिद्धार्थ राव, बहादुरगढ। सांखोल में निरकारी सत्संग भवन में सत्संग व लंगर का आयोजन हुआ। जिसमें नवनिर्वाचित चेयरपर्सन सरोज रमेश राठी, नवनिर्वाचित पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा, राजेश तंवर आदि का महाराज दयाल सिंह जी, पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। संयोजक महाराज दयाल सिंह ने मौजूद सत्संग में लोगों को कहा कि प्रभु का ज्ञान ही मनुष्य का प्रथम व अंतिम लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि एक ही धर्म है मानवता। उसी को ही मानते हुए निरंकारी मिशन परमात्मा का बोध हांसिल करवाता है। निरंकारी मिशन समय समय पर रक्तदान शिविर, पौधारोपण, सफाई व्यवस्था आदि का पूरे देश मे आयोजन करता रहता है। सभी ने सत्संग में संयोजक महाराज दयाल सिंह जी का आशीर्वाद लिया। महाबीर, हेमराज जून, धर्मबीर प्रधान, शिक्षक रमन देशवाल ने सत्संग की व्यवस्था संभाली व आये हुए अतिथिगणों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। नवनिर्वाचित चेयरपर्सन सरोज रमेश राठी ने कहा कि सत्संग में प्रभु का भजन व सुमिरण केवल मनुष्य शरीर में ही हो सकता है। पति-पत्नी और बच्चों से प्यार करने वाली बुद्धि तो पशु पक्षियों को भी मिली है, लेकिन ईश्वर से प्यार करने वाली बुद्धि केवल मनुष्य को ही मिली है। उन्होंने कहा कि निरंकारी मिशन हमेशा लोगों की सेवा के लिए तैयार रहता है जो सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि इस मनुष्य शरीर को पाकर हम ईश्वर की भक्ति कर सकते है, जिसके परिणाम स्वरुप हम उस परम पद को प्राप्त कर सकते है जोकि अगम्य है। मनुष्य को चाहिए कि वह अपनी निर्मल बुद्धि से ईश्वर का सुमिरन करे।
*मानवता ही इंसान का सबसे बड़ा धर्म
पूर्व विधायक नरेश कौशिक, भारतीय किसान संघ सतीश छिकारा, पूर्व चेयरमैन कर्मवीर राठी ने कहा कि मानवता ही इंसान का सबसे बड़ा धर्म है। हम अपने जीवन में परमात्मा को मानने लग जाये तो जीवन का कल्याण हो जाये। उन्होनें बताया कि हमें मोह का त्याग करना चाहिए मोह का त्याग एक बार यदि हो जाये तो जीवन महान बन जाएगा। उन्होंने कहा कि मानव को कोई भी चीज क्रोध से नहीं प्रेम से जीतनी चाहिए और क्रोध को क्रोध से नहीं बल्कि क्षमा से जीतना चाहिए। जो व्यक्ति क्षमा को धारण करके राता है वह महान बन जाता है। इसमें हमें प्रेम भाव के साथ रहना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक नरेश कौशिक, भारतीय किसान संघ प्रदेश अध्यक्ष सतीश छिकारा, पूर्व चेयरमैन कर्मवीर राठी, नवनिर्वाचित पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा, राजेश तंवर, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, मनमोहित गुप्ता, मास्टर पुरुषोत्तम छिकारा, विकास पांडे, बिजेंद्र राठी, सुशील राठी, सुमित बराही, मुकेश भारद्वाज, सुरेंद्र, अमित आदि मौजूद रहे।