राष्ट्रीय

 कांग्रेस ने आजादी के बाद से ही गुजरात के साथ किया अन्याय: अमित शाह

अहमदाबाद, 13 अक्टूबर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नवसारी जिले की वांसदा तहसील के उनाईमाता में भाजपा की दो गौरव यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से गुजरात के साथ अन्याय किया है।

गुरुवार को नवसारी जिले की वांसदा तहसील के तीर्थस्थल उनाई माता मंदिर से केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा की दो गौरव यात्रा को रवाना किया। इनमें से एक यात्रा उनाई से खेड़ा जिले के फागवेल में भाथीजी महाराज मंदिर तक जाएगी और दूसरी यात्रा भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी गौरव यात्रा के नाम से रवाना हुई, जो बनासकांठा जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ अंबाजी में खत्म होगी।

उनाई में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि भाजपा जो कहती है, करती है। इसका उदाहरण दिया कि हमने राम जन्मभूमि पर मंदिर बनाने का काम शुरू करके। कांग्रेस हमसे तारीख पूछती थी, लेकिन नरेन्द्र मोदी के शासन में अयोध्या में उसी जगह पर भूमिपूजन कर राम मंदिर बनाने का काम शुरू कर दिया है। देश की सुरक्षा मामले में भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उरी और पुलवामा के बाद सर्जिकल और एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान को जवाब दिया जा चुका है। नेहरू ने कश्मीर में धारा 370 लाया था, भाजपा ने उसे भी जड़मूल से उखाड़ फेका है।

केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी के बाद से ही गुजरात के साथ अन्याय किया। लेकिन, राज्य की जनता ने जब 1990 में भाजपा पर भरोसा किया राज्य की तस्वीर बदलने लगी। गुजरात देश का नंबर वन राज्य बना। गृह मंत्री ने कहा कि 75 साल में से 58 साल कांग्रेस ने देश पर राज किया, लेकिन आदिवासी जनता के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी ने पहली बार आदिवासी कल्याण मंत्रालय बनाकर आदिवासी जनता के लिए अलग विभाग बनाया। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री रहते पीएम नरेन्द्र मोदी ने वन बंधु योजना के जरिए आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नींव रखी।

गुजरात की भूपेन्द्र पटेल की सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि गुजरात में इन्होंने आदिवासी जनता के लिए एक लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। गृह मंत्री ने गुजरात में आदिवासी के विकास से संबंधित कई योजनाओं का जिक्र किया।

आदिवासी जनता से मांगा आशीर्वाद

केन्द्रीय मंत्री ने आदिवासी क्षेत्रों में राज्य सरकार के किए गए कार्यों का जिक्र कर भविष्य में भी विकास को जारी रखने के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में1.52 लाख आदिवासियों को 11 लाख एकड़ जमीन का पट्टा दिया गया। राज्य के आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज खोले गए। बिजली के लिए आदिवासी क्षेत्रों में 984 करोड़ के खर्च से 122 पावर सब स्टेशन बनवाए गए। वही आदिवासी क्षेत्रों की 98 फीसदी से अधिक क्षेत्रों में पक्की सड़क बनाई गईं हैं।

आदिवासी जननायकों का म्यूजियम का काम शुरू

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में आदिवासी जननायकों का म्यूजियम बनाने का काम शुरू हुआ है। इस पर करीब दो सौ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस को बोर्ड लगाने वाली पार्टी करार देते हुए कहा कि बोर्ड लगाने से उन्हें वोट नहीं मिलने वाला है। उन्होंने उनाई माता मंदिर के जीर्णोंद्धार का नई सरकार आने के बाद शुरू कराने का भरोसा दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सी र पाटिल, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा समेत अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker