लखनऊ मंडलायुक्त बोली, शहर में समय से की जाए साफ-सफाई
लखनऊ, 03 अक्टूबर। लखनऊ मंडल की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने नगर निगम के अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि सड़काें की साफ-सफाई समय किया जाए। कूड़ा ले जाते समय वाहन पूर्ण रूप से ढके होने चाहिए। सड़कों पर कूड़ा नहीं दिखना चाहिए और ओपेन डम्पिंग मिलने पर सम्बन्धित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक के दौरान मंडल आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में आरआर विभाग को निर्देश दिया गया था कि खराब गाड़ियां बदल ली जायें, जंग लगी मशीनों को डेन्ट-पेंट करा लिया जाए। जो गाड़ियां मरम्मत योग्य है उनको सही करवा लिया जाये और जरूरत के हिसाब से कूड़े बीन्स भी लेना सुनिश्चित करा लिया जाये।
उन्होंने कहा कि आगे इसमें किसी भी प्रकार कि लापरवाही क्षम्य नहीं होगी इसमें तत्काल सुधार होनी चाहिये। मण्डल आयुक्त ने कहा कि हर जोन वाइज सर्वे करा लिया जाये और जिस जोन में क्या जरूरत है उसका इस्टीमेट बना लिया जाये।
आरआर विभाग में जो नई गाड़ियां रोड स्विपिंग, मशीनरी वाहन खड़ी है उसको रोड पर उतारा जाये। जो व्यक्ति कार्य के प्रति लापरवाही बरतें उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। सभी त्योहारों के दृष्टिगत पथ-प्रकाश, पूजा,पण्डालों के अपरोच मार्गों पर अंधेरा न दिखे, अगर कहीं भी लाईट खराब हैं उसे तत्काल सही करवा लिया जाये।
मण्डलायुक्त ने कहा कि तीनों वेन्डरों के साथ किये जा रहे कार्यों का ऐग्रीमेन्ट कर लिया जाये और तीनों वेन्डरों की धनराशि निर्गत किया जाये, जिससे वेन्डरों की जवाबदेही तय की जा सके और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाये। जो भी कूड़े निस्तारण के ट्रान्सफर स्टेशन बन्द है उनको भी चालू कर दिया जाये। उन्होंने कहा कि कूड़े के निस्तारण के लिये स्मार्ट सिटी से भी 52 करोड़ की व्यवस्था की गई है। इसको सम्बन्धित अधिकारी गम्भीरता से करें।