दिव्यांगों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के साथ किया जायेगा – नरेन्द्र कश्यप
बिजनौर 18 नवम्बर दिव्यांगजन सशक्तीकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के , राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपने आपको किसी से कम न समझें। योजनाओं का लाभ लेकर अपना आर्थिक व सामाजिक उत्थान करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न दिव्यांगजन हितार्थ योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने 150 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरण की।
नेहरू स्टेडियम बिजनौर में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग उत्तर-प्रदेश द्वारा संचालित कृत्रिम अंग सहायक उपकरण योजनान्तर्गत निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण कैम्प किया गया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप के कर कमलों से 150 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरण की गयी।
नरेन्द्र कश्यप ने कहा दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपकरण का वितरण, उनकी शिक्षा, उनका पोषण एवं स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकता में से है और यह भी बताया कि शकुन्तला मिश्रा विश्वविद्यालय दिव्यांगजनों की शिक्षा के लिए एक उल्लेखनीय संस्थान है जिससे कि अब तक हजारों दिव्यांजनों को शिक्षा का लाभ मिला है।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का पेंशन सहित अनेक योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकताओं पर किया जायेगा।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खिले। उन्होंने एक स्वर में मा0 मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के हितार्थ कार्य कर रही है।
इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पूर्ण बोरा, जिलाध्यक्ष भाजपा सुभाष वाल्मीकि, उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग अजय कुमार, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एस एस श्रीवास्तव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।