अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में कोर्ट में हाजिर नहीं हुए राहुल गांधी
रांची, 21 जनवरी। भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में शनिवार को एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट के समन के बावजूद राहुल गांधी के उपस्थित नहीं होने पर पर शिकायतकर्ता के वकील ने उनके खिलाफ वारंट जारी करने का अनुरोध किया।
एमपी-एमएलए कोर्ट में आज मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत से अनुरोध किया कि समन के बावजूद राहुल गांधी पक्ष नहीं रख रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ वारंट जारी किया जाए। शिकायतकर्ता के वकील ने कहा कि मामले में अदालत ने पिछले महीने समन जारी किया था। इसके बावजूद अदालत में राहुल गांधी की ओर से पक्ष नहीं रखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में आयोजित अधिवेशन में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता नवीन झा ने रांची की निचली अदालत में वर्ष 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।