मनुष्य के सामाजिक जीवन को समृद्ध करता है खेल : न्यायाधीश
बेगूसराय, 28 जुलाई। बेगूसराय जिला ताइक्वांडो संघ एवं कल्याण केन्द्र के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित 20वीं बेगूसराय जिलास्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप प्रतियोगिता में पदक हासिल करने वाले बरौनी ताइक्वांडो खेल के खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आज बरौनी में किया गया।
बरौनी ताइक्वांडो क्लब के आर.के.सी हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि बरौनी रेल मजिस्ट्रेट रंजीता श्रीवास्तव, बरौनी रेल डीएसपी गौरव पांडेय एवं शम्भावी पांडेय, जीआरपी थानाध्यक्ष इमरान आलम, बरौनी ताइक्वांडो क्लब के अध्यक्ष संजय सिंह, क्लब के मुख्य कोच मो. फुरकान एवं कोच रूपेश कुमार आदि ने विजेताओं को सम्मानित किया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए बरौनी रेल दंडाधिकारी रंजीता श्रीवास्तव ने कहा कि बरौनी क्लब के खिलाड़ी काफी ऊर्जावान हैं। इन खिलाड़ियों को आगे बढाने मे हर संभव प्रयास रहेगा। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि खेल आत्मविश्वास बढ़ाने का सबसे अच्छा उपकरण है। यह मनुष्य के सामाजिक जीवन को समृद्ध करता है। रेल डीएसपी गौरव पांडेय ने कहा कि जो खिलाड़ी पदक प्राप्त नहीं कर सके वह भी परेशान नहीं हों। जो हारता है वही जीतता है, बस आप सच्ची लगन से मेहनत करें, सफलता निश्चित मिलेगी।
बरौनी ताइक्वांडो क्लब के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पटना में होने वाले 33 वें स्टेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में आयोजित इस प्रतियोगिता में बरौनी ताइक्वांडो क्लब के 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमे 20 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक, नौ ने रजत पदक एवं 12 कांस्य पदक हासिल कर उपविजेता का सम्मान अपने नाम किया है।