गोली लगने से घायल हुए युवक की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
सोनीपत
सदर थाना क्षेत्र के गांव हरसाना कलां में खेत में बाड़ लगाने को लेकर झगड़े में गोली मारने से घायल हुए किसान की दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। लीवर में गोली लगने से उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में आॅपरेशन कर गोली निकाल दी गई थी, लेकिन वह उसके बाद भी बोल नहीं पा रहे थे। उनके भाई को भी सिर पर डंडों के वार करके घायल कर दिया गया था। वहीं दूसरे पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ था। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। वहीं दिल्ली में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव हरसाना कलां निवासी प्रवीन कुमार ने 19 नवंबर को पुलिस को बताया था कि खेत में पशुओं को पहुंचने से रोकने के लिए उन्होंने सुबह कंटीली बाड़ लगाई थी। शनिवार शाम को खेत में पहुंचे तो उनकी कंटीली बाड़ हटा दी गई थी। वह उसको दोबारा से ठीक करने लगे। कुछ देर बाद उनका भाई जयकिशन भी पहुंच गया था। इसी दौरान पड़ोसी नरेश गालियां देता हुआ वहां पर पहुंच गया था। उसके साथ में नरेश कुमार के परिवार के विनोद, दिनेश व नरेश की पत्नी थे। वहां पर नरेश ने जयकिशन को गोली मार दी। वहीं विनोद ने प्रवीन कुमार के सिर पर डंडे से वार कर दिया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जानलेवा हमले करने का मुकदमा दर्ज किया था। सामान्य अस्पताल से परिजन घायल जयकिशन को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में ले गए थे। जहां पर आॅपरेशन कर उनके पेट से गोली निकाल दी गई थी। उसके बाद भी उसके भाई को आराम नहीं हुआ था। उसने अब अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है।