राष्ट्रीय

राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 5 जुलाई से करेंगी पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा

अगरतला, 04 जुलाई । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा नामित राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई से पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा करते हुए अपना प्रचार शुरू करेंगी। मुर्मू पूर्वोत्तर के अपने दौरे की शुरुआत त्रिपुरा से करेंगी।

वे मंगलवार दोपहर 2 बजे अगरतला के एक होटल में त्रिपुरा के विधायकों और सांसदों से मुलाकात करेंगी और समर्थन मांगेंगी। इसके अलावा वह विपक्षी विधायकों से भी बात करने और उनसे वोट मांगने की कोशिश करेंगी।

सूत्रों ने बताया है कि द्रौपदी मुर्मू त्रिपुरा से गुवाहाटी आएंगी। इसके बाद वे पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की यात्रा करेंगी।

द्रौपदी मुर्मू के यात्रा कार्यक्रम का फैसला रविवार को हैदराबाद में भाजपा की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा के अखिल भारतीय प्रवक्ता संबित पात्रा और पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों, संगठन महामंत्रियों और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में लिया गया। वह बिहार से विशेष विमान से अगरतला पहुंचेंगी।

त्रिपुरा में वर्तमान में 36 भाजपा, सीपीएम से 15, आईपीएफटी से आठ और कांग्रेस के एक विधायक और दो भाजपा सांसद हैं। राष्ट्रपति चुनाव 18 जुलाई को होना निर्धारित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker